हजारीबाग में बिजली कटौती पर भड़के विधायक प्रदीप प्रसाद, विधानसभा में उठाया मुद्दा हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड विधानसभा में पर्व-त्योहारों के दौरान हो रही बिजली कटौती का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि त्योहार आस्था और खुशी का समय होता है, लेकिन लगातार बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। विधायक ने बताया कि इससे न सिर्फ त्योहारों की रौनक फीकी पड़ रही है,

बल्कि व्यापारियों और छोटे दुकानदारों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर हर साल त्योहारों के समय ही बिजली व्यवस्था क्यों चरमरा जाती है। प्रदीप प्रसाद ने मांग की कि हजारीबाग में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और त्योहारों के दौरान विशेष व्यवस्था कर कटौती पर रोक लगाई जाए। साथ ही उन्होंने बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर वे सदन में लगातार आवाज उठाते रहेंगे।

