रानीगंज में 27 मार्च को होने वाली रामनवमी की भव्य शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर शुक्रवार को रानीगंज थाना परिसर में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की करीब 35 रामनवमी समितियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में शोभायात्रा की सुरक्षा, रूट, समय सीमा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान करीब 400 से अधिक पुलिस बल तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, मोबाइल पेट्रोलिंग और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके। साथ ही पूरे मार्ग पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि शोभायात्रा के दौरान डीजे बजाने और किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष योजना तैयार की जा रही है।

इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, मेडिकल सहायता और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए दमकल व बिजली विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। वही बैठक के अंत में सभी रामनवमी समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे सभी नियमों का पालन करते हुए शोभायात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पूरा सहयोग करेंगे। इस बैठक में मुख्य रूप से डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल-2 विमान कुमार मिर्धा, एसीपी ट्रैफिक जयंतो बाग, रानीगंज थाना प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र,पंजाबी मोड़ फांड़ी प्रभारी नजमूल हुडा, निमचा फांड़ी प्रभारी सुल्ताना नसरीन, बल्लावपुर फांड़ी प्रभारी पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती, रानीगंज ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ शील, रानीगंज बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा, रानीगंज टाउन तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत सिंह, वार्ड पार्षद नेहा साव सहित बिजली विभाग, दमकल विभाग, रानीगंज थाना नागरिक कमेटी के सदस्य और प्रशासन के कई अधिकारी तथा गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

