जिला परिषद कार्यालय में एक अजीब दृश्य देखने को मिला जहां जिप सदस्य पिंकी मंडल ने जिला परिषद अध्यक्ष जूली क्रिस्टोमनी हेंब्रम पर लगातार फ़ोन रिसीव ना करने का आरोप लगाया। दोनों के बीच दूरभाष पर इसी मामले को लेकर बहस हो रही थी। जिप सदस्य पिंकी मंडल ने बताया कि जिला परिषद अध्यक्ष के द्वारा विगत कई महीनो से मनमानी रवैया अपनाया जा रहा है। अध्यक्ष होने के नाते उनका कर्तव्य है कि जिप सदस्यों की बात सुने एवं जनता के विकास हेतु तीव्र गति से कार्य करें लेकिन दुर्भाग्य इस बात की है कि हमारे नंबर को जिप अध्यक्ष के द्वारा ब्लैक लिस्ट कर दिया गया ताकि मैं अपने क्षेत्र की समस्याएं एवं विकास योजनाओं को लेकर उनसे बात ना कर सकूं।

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वह जिला परिषद कार्यालय जिप अध्यक्ष से मिलने के लिए पहुंची थी लेकिन जिप अध्यक्ष नहीं मिली। ऐसी स्थिति में उनके द्वारा कई बार फोन किया गया लेकिन फोन ब्लैक लिस्ट होने के कारण लग नहीं रहा था, जब दूसरे नंबर से फोन लगाया गया तो तुरंत लग गया। इस पर उन्होंने जिप अध्यक्ष से सवाल पूछा गया कि इस रवैए से विकास कार्य कैसे होगा ? जिप अध्यक्ष के द्वारा नेटवर्क एरिया में न रहने, मोबाइल बंद हो जाने का बहाना बनाया जाने लगा। पिंकी मंडल ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह रवैया बिल्कुल एक अध्यक्ष का सही नहीं है अगर उनसे अध्यक्ष पद नहीं संभाला जा रहा है तो वह जनहित में अपने पद से इस्तीफा दे दे लेकिन जनहित एवं विकास योजनाएं पर किसी प्रकार की बाधाएं नहीं आनी चाहिए।

