ईरान से जुड़े युद्ध तनाव का असर भारतीय शेयर बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 900 अंक से ज्यादा तक गिर गया, वहीं निफ्टी 50 में भी 300 अंक से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। शुक्रवार को सेंसेक्स 590 अंकों की गिरावट के साथ 75,444.22 पर खुला था। इसके बाद बाजार में बिकवाली बढ़ती गई और सेंसेक्स करीब 964 अंक तक

लुढ़क गया। बाद में यह करीब 773 अंकों की गिरावट के साथ लगभग 75,261 अंक के आसपास कारोबार करता नजर आया। वहीं निफ्टी 50 भी 176.65 अंकों की गिरावट के साथ खुला। कारोबार के दौरान इसमें भी दबाव बढ़ता गया और यह करीब 333 अंक तक नीचे आ गया। बाद में निफ्टी करीब 278 अंकों की गिरावट के साथ लगभग 23,361 अंक के आसपास कारोबार करता दिखा। विशेषज्ञों का कहना है कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और वैश्विक अस्थिरता के कारण निवेशकों में घबराहट बढ़ गई है। जिसका सीधा असर शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है।

