नगर परिषद के नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष शबरी पाल एवं सभी 21 वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ नगर परिषद के सभागार भवन में दिलाई गई। निर्वाची पदाधिकारी जेम्स सुरीन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त पाकुड़ सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू तथा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी मौजूद थे। सबसे पहले नगर अध्यक्ष के रुप में नव निर्वाचित शबरी पाल ने पद व गोपनीयता की शपथ लेते हुए अपनी जिम्मेदारी को ग्रहण किया, उसके बाद सभी 21 वार्ड के वार्ड पार्षदों ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। कुछ अंतराल के

बाद नगर परिषद के उपाध्यक्ष के चुनाव की बारी आई। बताते चलें कि नगर परिषद के उपाध्यक्ष के दावेदार क्रमशः रूपाली सरकार एवं राणा ओझा थे। नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में रोमांचक स्थिति तब बन गई जब दोनों प्रत्याशियों को बराबर वोट मिले। नतीजा बराबर होने के बाद नियम के अनुसार लॉटरी के जरिए विजेता का फैसला किया गया। लॉटरी प्रक्रिया के बाद राणा ओझा को उपाध्यक्ष चुना गया। इस अनोखे चुनाव परिणाम को लेकर नगर परिषद परिसर में काफी चर्चा रही।

