हजारीबाग: विश्वप्रसिद्ध रामनवमी महोत्सव के सफल संचालन के लिए गठित रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के चयन को लेकर रविवार को श्री राम जानकी मठ बड़ा अखाड़ा में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महंत विजयानंद दास ने की। बैठक मे किसी एक नाम पर सहमति नही बन पायी, जिसके बाद रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष पद के लिए कुल 10 लोगों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश की। अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी प्रस्तुत करने वालों में किशन यादव, पुरुषोत्तम पांडेय, लड्डू यादव उर्फ करण यादव, अजय दास, दीप नारायण, राजकुमार सोनी, दीपक देवराज, मनीष यादव उर्फ चरका, घोंचु बंगाली और आशीष सिन्हा शामिल हैं। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष का चुनाव वोटिंग प्रक्रिया के माध्यम से 14 मार्च को कराया जाएगा। चुनाव में शहर के सभी अखाड़ों के अध्यक्ष

एवं सचिव के साथ-साथ रामनवमी महासमिति के पूर्व अध्यक्ष भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी पूरे देश में अपनी भव्यता, अनुशासन और धार्मिक उत्साह के लिए जानी जाती है। ऐसे में महासमिति के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। अध्यक्ष का दायित्व केवल जुलूस का संचालन करना ही नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए हजारों रामभक्तों की आस्था और परंपरा को सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाना भी होता है। बैठक के अंत में सभी दावेदारों एवं रामभक्तों से अपील की गई कि वे आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखें तथा रामनवमी के आयोजन को भव्य और शांतिपूर्ण बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। इस अवसर पर रामनवमी महासमिति के कई पूर्व अध्यक्ष, अखाड़ों के प्रतिनिधि, समाजसेवी तथा बड़ी संख्या में रामभक्त मौजूद थे।

