बराकर रेलवे स्टेशन के अप लाइन पर ओवरहेड तार टूटने से एक दर्जन से अधिक ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया। इस घटना के कारण यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। भारतीय रेलवे के आसनसोल डिवीजन अंतर्गत बराकर स्टेशन पर शनिवार शाम अप लाइन का ओवरहेड बिजली का तार अचानक टूट गया। तार टूटने के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया और दो राजधानी एक्सप्रेस सहित करीब दो दर्जन से अधिक ट्रेनें तीन से चार घंटे तक विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। ट्रेनों के लंबे समय तक रुकने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई यात्री स्टेशन पर अपनी-अपनी ट्रेनों के इंतजार में

परेशान नजर आए। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे और ओवरहेड तार की मरम्मत का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तार को दुरुस्त कर दिया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे ट्रेन परिचालन सामान्य होने लगा। वहीं धनबाद रेलवे पूछताछ काउंटर पर तैनात सुजीत कुमार ने बताया कि ओवरहेड तार ठीक होने के बाद प्रभावित ट्रेनों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जा रहा है और करीब चार घंटे बाद ट्रेनों का आवागमन फिर से सुचारू कर दिया गया है।

