उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह ने आज शनिवार को सूर्यपुरा पंचायत भवन में पदमा एवं बरही अंचल क्षेत्र के तसदीक शिविर का औचक निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजा हरिला, थाना नंबर 60 से संबंधित अभिलेखों का विस्तृत निरीक्षण किया। उपायुक्त ने वंशावली अभिलेखों का अवलोकन करते हुए साबिक खाता, खेसरा तेरीज तथा खेसरा पंजी का मिलान कराया। साथ ही पुराने नक्शे के आधार पर तैयार किए गए नए नक्शे की प्रगति के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में प्राप्त बदर (शिकायत) मामलों के ससमय निष्पादन का निर्देश दिया। उपायुक्त ने शिविर प्रभारी एवं सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि बदर पंजी, वंशवृक्ष, खेसरा पंजी, नक्शा सहित सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों का सावधानीपूर्वक मिलान कर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी को निर्देश दिया कि शिविर में संपादित एवं आगामी कार्यों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन एक सप्ताह के भीतर तैयार कर प्रस्तुत किया जाए। शिविर में संचालित कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कार्यों में तेजी लाते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक शनिवार को शिविर का निरीक्षण किया जाएगा। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि तसदीक कार्यों को पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ संपन्न कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

