पाकुड़ जिले में अवैध बालू माइनिंग पर रोक लगाने की कार्रवाई के दौरान बालू माफियाओं के हौसले एक बार फिर सामने आए। मालीपाड़ा गांव के पास जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को अवैध परिवहन के आरोप में पकड़ा।कार्रवाई की सूचना मिलते ही कुछ लोग हथियारों के साथ पहुंचे और डीटीओ के चालक घोलटन रजक तथा निजी अंगरक्षक लालू प्रसाद सिंह के साथ मारपीट की। इस

दौरान एक ट्रैक्टर को छुड़ाकर ले जाया गया। बाद में जब दूसरा जब्त ट्रैक्टर पुलिस केंद्र लाया जा रहा था, तब मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव के दिलवर हुसैन और अब्दुल आहद ने भी ट्रैक्टर छुड़ाने का प्रयास किया और फिर से मारपीट की।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। डीटीओ ने नगर थाना में दिलवर हुसैन, अब्दुल आहद, ट्रैक्टर मालिक चालक समेत दस से बारह अज्ञात लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।

