27 फरवरी को नगर निगम चुनाव की मतगणना, उपायुक्त ने वेयरहाउस का किया औचक निरीक्षण धनबाद। नगर निगम चुनाव 2026 की मतगणना 27 फरवरी को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने मतगणना की तैयारियों को लेकर वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने मीडिया को व्यवस्था संबंधी जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि मतगणना के लिए सभी टेबल निर्धारित कर दिए गए हैं। किस टेबल पर कौन सा आरओ कर्मी तैनात रहेगा, इसका निर्णय मतगणना शुरू होने से कुछ समय पहले लिया जाएगा। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे

से शुरू होकर शाम 8 बजे तक चलेगी। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के अनुसार पोलिंग एजेंट की संख्या तय की गई है। प्रत्येक काउंटिंग हॉल में दो अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं—एक पोलिंग एजेंटों के लिए और दूसरा बैलेट बॉक्स के आवागमन के लिए। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कुल 15 काउंटिंग हॉल बनाए गए हैं। इनमें 11 हॉल धनबाद नगर निगम और 4 हॉल चिरकुंडा नगर परिषद के लिए हैं। चिरकुंडा में 42 बूथ होने के कारण वहां की मतगणना पहले पूरी होने की संभावना है। धनबाद नगर निगम के कुछ वार्डों में 11 राउंड तक गिनती हो सकती है, जबकि औसतन 9 राउंड में मतगणना पूरी होने का अनुमान है। उपायुक्त ने कहा कि प्रयास रहेगा कि गिनती उसी दिन पूरी हो जाए, अन्यथा शेष कार्य अगले दिन पूरा किया जाएगा।

