धनबाद के कतरास क्षेत्र में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) क्षेत्र संख्या-3 अंतर्गत संचालित STG डेको आउटसोर्सिंग परियोजना में कार्य के दौरान एक सर्विस वैन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में वाहन पर सवार 4 कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस हॉल रोड पर वाहन

कार्य कर रहा था, उसकी स्थिति जर्जर थी। इसी कारण वाहन असंतुलित होकर खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि आउटसोर्सिंग कंपनियां महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) के सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर कोयला उत्पादन कर रही हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व अंगारपथरा स्थित एक अन्य आउटसोर्सिंग पैच में भी इसी तरह की दुर्घटना में 6 मजदूरों की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

