हजारीबाग में श्याम भक्त परिवार द्वारा आयोजित श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज यात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। मालवीय मार्ग स्थित नवनिर्मित श्याम मंदिर परिसर से शुरू हुई यह भव्य शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सुसज्जित रथ पर विराजमान Khatu Shyam की मनोहारी झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथ के

पीछे राधा रानी की प्रस्तुति और धार्मिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। करीब 500 से अधिक महिला और पुरुष श्रद्धालु निशान ध्वज के साथ यात्रा में शामिल हुए। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु झूमते नजर आए। कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और जलपान की व्यवस्था की गई। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन लगातार 13वें वर्ष सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है।

