झारखंड के Hazaribagh जिले के केरेडारी प्रखंड में एनटीपीसी परियोजना के तहत कॉन्वेयर बेल्ट निर्माण कार्य के दौरान एल एंड टी कंपनी के मिलर चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उमेश यादव (35 वर्ष), ग्राम चातर टूटीलावा, थाना सिमरिया, जिला चतरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच मिलर वाहन में क्षमता से अधिक सामग्री लोड कर दी गई, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट

गया। परिजनों और मजदूरों ने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा मृतक से बिना हेलमेट और बिना सुरक्षा जैकेट के काम लिया जा रहा था। घटना के बाद एंबुलेंस से पहले केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र, फिर बड़कागांव और अंततः हजारीबाग रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय मुखिया बिनोद महतो ने एल एंड टी कंपनी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने काम बंद करा दिया है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

