कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। नगर पंचायत सदर चौक के पास वार्ड संख्या 15 में एक बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 10 से 15 लाख रुपये की चोरी कर ली। चोरी गए सामान में सोने-चांदी के आभूषण और लाखों रुपये नकद शामिल हैं। पीड़ित सोनू अंसारी ने बताया कि वे परिवार के साथ पिछले पांच दिनों से दिल्ली गए हुए थे। सुबह पड़ोसी ने घर का ताला टूटा देखा

और सूचना दी। घर पहुंचने पर सारा सामान बिखरा मिला। दो दिनों में यह दूसरी घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ताला बंद घरों की रेकी कर चोरी की जा रही है। सूचना मिलते ही Dial 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कुदरा थाना प्रभारी नंदू कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है, जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

