14 साल पहले रिलीज़ हुई Gangs of Wasseypur में दिखाए गए किरदारों की असल पृष्ठभूमि वाले इलाके वासेपुर में एक बार फिर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई।गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान के ड्राइवर बबली खान उर्फ हैदर अंसारी को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। घटना शुक्रवार रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, इकबाल खान मस्जिद से अपने अंगरक्षक और ड्राइवर के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान उन्हें कुछ संदिग्ध लोगों के पीछा करने का शक हुआ। स्थिति भांपते हुए इकबाल पास के बाजार में छिप गया, जबकि अंगरक्षक और ड्राइवर पीछा करने वालों को देखने आगे बढ़े। तभी

दो युवकों ने ड्राइवर बबली को धक्का देकर गिरा दिया और अली नगर के पास उसकी पीठ में गोली मार दी। गोली लगते ही हमलावर बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पहले असर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने और एक खोखा बरामद किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच गैंगवार और पुरानी रंजिश के एंगल से कर रही है। इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है।

