मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा तहसील स्थित आजाद चौक में गुरुवार रात दुर्गा मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की खबर के बाद तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि मंदिर में आरती और पास की मस्जिद में नमाज के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट और पथराव में बदल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और एसपी

सम्पत उपाध्याय ने भी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के मुताबिक किसी भी धार्मिक स्थल को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

