हजारीबाग : नगर निगम चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में महापौर प्रत्याशी विकास राणा ने रामनगर, कदमा, विष्णुपुरी और शिवदयाल नगर क्षेत्र में सघन डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। यह जनसंपर्क कार्यक्रम आनंद सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की गयी, उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। जनसंपर्क के दौरान विकास राणा ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि महापौर बनने के बाद पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि नगर का विकास ही मेरा संकल्प है और जनता का

विश्वास ही मेरी ताकत। विकास राणा की छवि एक युवा, ऊर्जावान और जमीनी नेता के रूप में उभरकर सामने आई है। सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी और आम लोगों के बीच लगातार उपस्थिति ने उन्हें जनता के करीब लाया है। क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने खुलकर समर्थन व्यक्त किया और नगर के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें सक्षम नेतृत्व बताया। अभियान के दौरान कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पमालाओं से स्वागत किया और ‘नाम विकास, काम विकास’ जैसे नारों से माहौल उत्साहित रहा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्हें ऐसा नेतृत्व चाहिए जो केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहे और विकास राणा इस अपेक्षा पर खरे उतरते दिखाई दे रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के अंत में कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नगर की जनता इस बार विकास और विश्वास की राजनीति को चुनते हुए विकास राणा को भारी मतों से विजयी बनाएगी। इस मौके पर सतपाल सिंह, छोटू सिंह, अजिताभ दुबे, शंकर राणा, रोशन सिंह, राजेश कुमार सिन्हा, निपु सिंह, कुणाल सिंह, रोहित गिरी, रवि राणा, हर्ष कुमार सहित कई समर्थक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

