हजारीबाग: नगर निगम चुनाव को लेकर विकास राणा के कार्यालय में रणनीतिक बैठक

हजारीबाग: नगर निगम चुनाव को लेकर विकास राणा के कार्यालय में रणनीतिक बैठक

हजारीबाग: हजारीबाग नगर निगम चुनाव को लेकर झामुमो समर्थित मेयर प्रत्याशी विकास राणा के चुनावी कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक बंशीलाल चौक के समीप मंगल बाजार स्थित सिटी सेंटर कॉम्प्लेक्स में स्थित चुनावी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में झामुमो हजारीबाग जिलाध्यक्ष संजीव बेदीया, सिमरिया विधानसभा के प्रत्याशी मनोज चंद्रा, जिला सचिव नीलकंठ महतो तथा केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त रूप से चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान झामुमो के प्रवक्ता सतीश दास ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने विकास राणा को मेयर पद के लिए प्रत्याशी घोषित कर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता एकजुट होकर विकास राणा को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि विकास राणा जनसरोकार से जुड़े हुए नेता हैं और नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की क्षमता रखते हैं। झामुमो जिलाध्यक्ष संजीव बेदीया ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र में जनता को कई मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था, जलापूर्ति, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थिति को सुधारना झामुमो की प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि विकास राणा के मेयर बनने के बाद नगर निगम क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। संजीव बेदीया ने आगे कहा कि “हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के प्रत्येक बूथ पर हमारी पकड़ मजबूत है और जहां कहीं कमी रह गई है,

वहां हमलोग लगातार काम कर रहे हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर पर सक्रिय होकर मतदाताओं से संपर्क बनाए रखें और पार्टी की योजनाओं व प्रत्याशी की छवि को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक में सिमरिया विधानसभा के प्रत्याशी मनोज चंद्रा ने भी संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि विकास राणा एक सुलझे हुए, अनुभवी और जनप्रिय व्यक्ति हैं। उनके नेतृत्व में हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास होगा और नगर को नई दिशा मिलेगी। मनोज चंद्रा ने महिलाओं और युवाओं से भी अपील की कि वे बढ़-चढ़कर मतदान करें और विकास राणा को विजयी बनाएं। झामुमो जिला सचिव नीलकंठ महतो ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठनात्मक मजबूती के साथ जनता का विश्वास ही जीत की कुंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे घर-घर संपर्क अभियान को तेज करें और विकास राणा को भारी बहुमत से जिताने के लिए समर्पित भाव से जुट जाएं। केंद्रीय सदस्य सुनील शर्मा ने कहा कि चुनावी रणनीति में हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने स्तर से चुनाव प्रचार, मतदाता संपर्क, बूथ प्रबंधन और जनसमर्थन बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि हजारीबाग नगर निगम मेयर पद के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी की जीत निश्चित है। अंत में मेयर प्रत्याशी विकास राणा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है और वे पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का कार्य करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *