संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर मोदी सरकार पर भारत के हित “बेचने” का आरोप लगाया। बजट पर चर्चा में राहुल गांधी ने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार होती तो अमेरिका से बराबरी की शर्तों पर बातचीत की जाती। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा नीतियों से भारतीय किसानों को नुकसान पहुंचा है।

राहुल के बयान के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोपों को निराधार और असंसदीय बताया। उन्होंने कहा कि बिना सबूत गंभीर आरोप लगाए गए हैं और सदन को गुमराह किया गया है। रिजिजू ने राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस लाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार गंभीर आरोप लगाने से पहले नोटिस देना और उन्हें प्रमाणित करना जरूरी है।

