गत दिनों शहर के गांधी चौक पर सड़क दुर्घटना में मारे गए युवक के परिजन बाबुलाल मरांडी का इंतजार करते रह गए।नतीजतन उनको बैरंग वापस लौटना पड़ा। गौरतलब हो कि युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के लगभग नौ घंटे के बाद प्रशासन के द्वारा सकारात्मक पहल के बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा कई लोगों को नामजद बनाते हुए अज्ञात के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके ज़बाब में पीड़ित परिवार के द्वारा नगर थाने में आवेदन देकर निर्दोषों पर कार्यवाही न करने की मांग की गई थी। इसी मामले को लेकर बुधवार को तलवाड़ांगा के ग्रामीण, पीड़ित परिवार के साथ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात करने हेतु आस लगाए हुए थे लेकिन बाबूलाल मरांडी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचे।

जिससे ग्रामीणों को काफी दुःख हुआ। ज्ञात हो बुधवार को भाजपा के द्वारा बाबूलाल मरांडी की उपस्थिति में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था।इस बाबत जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने बताया कि बाबूलाल मरांडी के पाकुड़ आगमन को लेकर उनके द्वारा एक दिन पूर्व जिलाध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी को दूरभाष पर सूचित किया गया था, ज़बाब में सबको कार्यक्रम स्थल पर लाने की बात कही गई थी, लेकिन ग्रामीण इस हेतु तैयार नहीं थे। ग्रामीणों का कहना था कि आज तक कोई बड़े नेता एवं कार्यकर्ता गाँव में नहीं आये हैं लिहाजा पूर्व मुख्यमंत्री को एकबार आना चाहिए था, लेकिन वे नहीं आए। पिंकी मंडल ने इसे दुःखद व निंदनीय बताया। मौके पर क्षेत्र के मुखिया,पीड़ित परिवार, ग्रामीण एवं अन्य कई संगठन के लोग मौजूद थे।

