अमेरिका और बांग्लादेश के बीच हुए ट्रेड समझौते के बाद मंगलवार, 10 फरवरी को भारतीय टेक्सटाइल कंपनियों के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान गोकलदास एक्सपोर्ट्स के शेयर 5 फीसदी से ज्यादा टूटकर 796.45 रुपये तक फिसल गए। वहीं केपीआर मिल और अरविंद के शेयरों में 4 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई,

जबकि पर्ल ग्लोबल इंडस्ट्रीज के शेयर भी 3.5 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए। यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब कुछ दिन पहले ही भारत-अमेरिका ट्रेड डील के ऐलान के बाद इन शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। अब बांग्लादेश के साथ हुए समझौते के बाद निवेशकों को आशंका है कि भारतीय टेक्सटाइल कंपनियों को अमेरिकी बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है, जिसके चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली की।

