
हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से ₹10,100 नकद भी बरामद किया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र अंतर्गत सिमरा रेस्ट हाउस के पास, पेट्रोल पंप के पीछे अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद–बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी के दौरान एक संदिग्ध युवक को मौके से हिरासत में लिया गया। तलाशी के क्रम में उसके पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर तथा ₹10,100 नकद बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बाहर से ब्राउन शुगर लाकर शहर के विभिन्न चौक–चौराहों पर पुड़िया बनाकर ₹300 से ₹500 में बिक्री करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. एजाज (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता मो. उस्मान, निवासी यासिन गली, बड़ा बाजार थाना क्षेत्र, हजारीबाग के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध बड़ा बाजार थाना कांड संख्या 46/26 (दिनांक 09.02.2026) के तहत धारा 21(बी), 22(बी) व 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।

