आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने पोलावरम जिले के देवरापल्ली स्थित सरकारी आश्रम बॉयज हॉस्टल में हुई फूड पॉइजनिंग की घटना की जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना में 92 आदिवासी छात्र बीमार पड़ गए। शनिवार सुबह नाश्ता करने के बाद छात्रों में उल्टी, पेट दर्द, बुखार और दस्त के लक्षण दिखे, जिसके बाद उन्हें मरीदुमिल्ली और रामपचोडावरम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सभी छात्रों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

मुख्यमंत्री ने सोमवार तक रिपोर्ट मांगी है और लापरवाही के दोषियों के खिलाफ सख्त विभागीय व जरूरत पड़ने पर आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खाने और पानी के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं, मेडिकल कैंप लगाया गया है और संयुक्त निरीक्षण समिति गठित की गई है। साथ ही, अस्पताल में भर्ती छात्रों की सेहत पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

