हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कागांव मुख्य चौक पर स्थित एक ज्वेलर्स दुकान में शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। हथियार से लैस अपराधी सरेआम दुकान से करीब 22 से 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद भागने के दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधियों ने सुधीर सोनी नामक युवक को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों द्वारा 4 से 5 राउंड फायरिंग की गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस लूट और फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में सुरक्षा को लेकर भारी चिंता देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

