जिले में आयोजित झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा संचालित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।परीक्षा के सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन की समीक्षा हेतु उपायुक्त मनीष कुमार ने पीएम श्री मध्य विद्यालय धनुषपूजा, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा संचालन की निगरानी प्रणाली का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता,

निष्पक्षता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी सभी दिशा निर्देशों एवं नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षक एवं अन्य कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा का संचालन पूर्णतःनिष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में सुनिश्चित किया जाए।उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा परीक्षा संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए।
