
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, गुणवत्ता मानकों तथा क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी योजनाएं खनन प्रभावित क्षेत्रों के सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत विकास को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क निर्माण एवं आधारभूत संरचना विकास से संबंधित डीएमएफटी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

