सदर प्रखंड के रघुनाथपुर में AIMIM की ओर से आयोजित जनसभा में पूर्व विधायक अकिल अख्तर ने पाकुड़ से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार रहा है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोज़गारी, सड़क, पानी और बिजली जैसी समस्याओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूल और अस्पताल मौजूद होने के बावजूद ज़मीनी स्तर पर सुविधाओं का घोर अभाव है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अकिल अख्तर ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी राजनीति सत्ता के लिए नहीं, बल्कि जनसेवा, इंसाफ़ और बराबरी के लिए है।

पार्टी ने अल्पसंख्यक, पिछड़े और कमज़ोर वर्गों की आवाज़ को मज़बूती से उठाने का संकल्प दोहराया और बिना भेदभाव के विकास की बात कही।जनसभा में अफीफ अमसल ने स्थानीय प्रशासन से सवाल करते हुए कहा कि पाकुड़ के युवाओं के लिए ठोस रोज़गार योजनाएँ कब लागू होंगी, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार कब होगा और जनता की शिकायतों पर जवाबदेही कब तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीक़े से आंदोलन करेगी और होने वाले SIR में हर बूथ में AIMIM के कार्यकर्ता मौजूद रह कर SIR से संबंधित समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि SIR से पाकुड़ विधानसभा की जनता को डरने की कोई जरूरत नहीं है।

