
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकाय चुनाव के दौरान बैंकिंग व्यवस्थाओं, अभ्यर्थियों के चुनाव व्यय की निगरानी तथा बैंक कर्मियों की भूमिका को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान बैंक कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर माइक्रो ऑब्जर्वर के रूप में उनकी प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों के लिए पृथक बैंक खाता खोलना अनिवार्य होगा, जिसके माध्यम से चुनाव व्यय से संबंधित सभी लेन देन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष पद के अभ्यर्थी अधिकतम 6 लाख रुपये तथा पार्षद पद के अभ्यर्थी अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक ही चुनाव व्यय कर सकते हैं। उन्होंने बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे अभ्यर्थियों के खातों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामान्य वित्तीय गतिविधि की सूचना संबंधित निर्वाचन प्राधिकारियों को उपलब्ध कराएं। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने एवं निर्धारित दिशा निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए, अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक समेत अन्य उपस्थित रहे।

