
सरकार ने बड़ा एक्शन लेते हुए लोकप्रिय ऑनलाइन गेमिंग ऐप Wingo को प्रभावी रूप से बैन कर दिया है। गृह मंत्रालय की साइबर सिक्योरिटी टीम I4C ने ऐप के 4 टेलीग्राम चैनल और 53 से ज्यादा यूट्यूब वीडियो को भी ब्लॉक कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, Wingo ऐप यूजर्स के अकाउंट से बिना उनकी जानकारी के फ्रॉड SMS भेज रहा था, जिससे लाखों यूजर्स अनजाने में बड़े फ्रॉड नेटवर्क का हिस्सा बन रहे थे। I4C ने एंड्रॉइड यूजर्स को इस ऐप के इस्तेमाल से बचने की चेतावनी दी है। इसके अलावा, ऐप के कमांड और कंट्रोल सर्वर को भी Geo-ब्लॉक कर दिया गया है। इस कार्रवाई से भारत में 1.53 करोड़ फ्रॉड SMS को लोगों तक पहुंचने से रोका गया। सरकार का कहना है कि इस कदम से ऑनलाइन फ्रॉड और गैरकानूनी जुए वाले गेमिंग ऐप्स पर नियंत्रण मिलेगा। अब केवल स्किल गेम्स और ई-स्पोर्ट्स ऐप भारत में खेले जा सकते हैं।

