मानस इंटरनेशनल स्कूल, धनबाद में कक्षा 10 के विद्यार्थियों के लिए एक भावपूर्ण एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर उत्साह, भावनाओं एवं शुभकामनाओं से परिपूर्ण रहा। विद्यालय के शिक्षकों एवं कनिष्ठ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत-संगीत तथा प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से अपने वरिष्ठ विद्यार्थियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी। विद्यालय के संचालक श्री राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 10 जीवन की एक मजबूत नींव है, जो आगे की सभी सफलताओं का आधार बनती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने, अनुशासन अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की सह-संस्थापक श्रीमती सीमा सिन्हा ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि विद्यार्थी अपने भीतर छिपी क्षमताओं को

पहचानें और निरंतर परिश्रम से उन्हें निखारें। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त संस्कार और मूल्य जीवन भर मार्गदर्शन करते हैं। उनके प्रेरक शब्दों ने विद्यार्थियों के मनोबल को और अधिक सुदृढ़ किया। इसके पश्चात प्राचार्या श्रीमती रेखा उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कक्षा 10 का यह चरण उनके जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी गईं और कहा गया कि मानस इंटरनेशनल स्कूल को अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर सदैव गर्व रहेगा । यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया, जो उनके विद्यालय जीवन की मधुर स्मृतियों के रूप में सदा उनके साथ रहेगा।

