बुधवार सुबह जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। हाईवे पर पटेल चौक के पास तेज रफ्तार जिप्सी ने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मदद करने के बजाय जिप्सी चालक मौके से भागने लगा। जब घायल चालक ने साहस दिखाते हुए गाड़ी रोकने की कोशिश की,

तो आरोपी ने रफ्तार और बढ़ा दी। चालक उछलकर जिप्सी के बोनट पर जा गिरा और करीब 15 मिनट तक मौत से जूझता रहा। आरोपी ने उसे लगभग 200 मीटर तक बोनट पर घसीटा, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने और पीछा करने पर आरोपी ने आखिरकार गाड़ी रोकी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल चालक का इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

