न्यूयॉर्क शहर में जारी भीषण ठंड और बर्फीले तूफान ने जानलेवा रूप ले लिया है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक कम से कम 10 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, जिनमें ज्यादातर शहर की सड़कों पर रहने वाले लोग शामिल हैं। अधिकांश मामलों में हाइपोथर्मिया के लक्षण पाए गए। मेयर जोहरान ममदानी ने बताया कि शहर ने वार्मिंग सेंटर खोले हैं और अस्पतालों को निर्देश दिया गया है कि जिनके पास जाने की जगह नहीं है, उन्हें

डिस्चार्ज न किया जाए। स्टेट सीनेटर जेसिका रामोस ने कहा कि मरने वाले लोग ज्यादातर पतली जैकेट पहनकर सड़कों पर थे और प्रशासन और अधिक कदम उठा सकता था। कोएलिशन फॉर द होमलेस के डेविड गिफेन ने चेतावनी दी कि इस बार की स्थिति असामान्य है और बेघर लोग शेल्टर सिस्टम से परिचित होने के बावजूद वापसी नहीं करना चाहते। शहर में अब तक करीब 200 लोग स्वेच्छा से शेल्टर में गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लोग जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलें।

