
अमेरिका के बड़े हिस्से में सोमवार को आए भयंकर विंटर स्टॉर्म ने देश को ठंड और बर्फबारी की चपेट में ला दिया। नॉर्थ ईस्ट में भारी बर्फबारी और दक्षिणी राज्यों में जमने वाली बारिश (फ्रीजिंग रेन) के कारण लाखों लोग बिजली के बिना ठंड से जूझ रहे हैं। इस तूफान से अब तक कम से कम 30 लोगों की मौत हो चुकी है। तूफान ने आर्कन्सास से न्यू इंग्लैंड तक 2,100 किलोमीटर का क्षेत्र प्रभावित किया। कई जगह एक फीट से अधिक बर्फ जमी, ट्रैफिक ठप हो गया, हजारों उड़ानें रद्द हुईं और स्कूल बंद कर दिए गए। न्यूयॉर्क सेंट्रल पार्क में 11 इंच बर्फ दर्ज की गई, जबकि पिट्सबर्ग के उत्तर में 20 इंच। बिजली संकट भी गहराया, 7.5 लाख से अधिक घर और व्यवसाय प्रभावित हुए। दक्षिणी राज्यों में पेड़ और बिजली लाइनें टूट गईं। प्रभावित इलाकों में वार्मिंग स्टेशनों पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। तापमान कई इलाकों में माइनस 31 डिग्री तक गिर गया और देशभर में फ्लाइट सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
