
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को भगवान कहकर संबोधित किया है। उन्होंने कहा कि उनका निवेदन है कि शंकराचार्य स्नान कर लें। सरकार की पहल को लेकर पूछे गए सवाल पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इस मामले में सरकार संज्ञान ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे फिलहाल स्वयं शंकराचार्य के पास नहीं जा रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। इससे पहले ऐसी चर्चा थी कि डिप्टी सीएम केशव मौर्य अनशन पर बैठे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर सकते हैं। शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी शैलेंद्र योगीराज ने मुलाकात की संभावना जताई थी। डिप्टी सीएम पहले भी अनशन समाप्त करने की अपील कर चुके हैं और अधिकारियों के खिलाफ जांच व कार्रवाई का भरोसा दिला चुके हैं। वहीं स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि केशव प्रसाद मौर्य को ही उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था।

