
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए। यह हादसा भदेरवाह के खानी टॉप इलाके में उस समय हुआ, जब सेना का एक वाहन ऊंचाई पर स्थित पोस्ट की ओर जा रहा था। वाहन में कुल 17 जवान सवार थे। अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शुरुआत में 4 जवानों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन गंभीर रूप से घायल 6 जवानों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 7 अन्य जवान घायल हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर उधमपुर सैन्य अस्पताल ले जाया गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

