
थाईलैंड के एक प्राचीन मंदिर में विदेशी पर्यटकों द्वारा बिकनी और स्पोर्ट्स वियर पहनकर योग करने का मामला सामने आया है। इसे अनुचित बताते हुए मंदिर प्रबंधन ने ऐसे कपड़ों में योग करने पर रोक लगा दी है और विदेशी पर्यटकों को चेतावनी जारी की है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि यह धार्मिक स्थल है, जिम नहीं। यहां मर्यादा और परंपरा का पालन जरूरी है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर लोगों ने भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अनुचित कपड़ों में योग या किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रबंधन ने पर्यटकों से स्थानीय संस्कृति और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने की अपील की है।

