झारखंड में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, चोरी, छिनतई और अपहरण की घटनाओं के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को जमशेदपुर में जोरदार आक्रोश-प्रदर्शन किया। प्रदेश भाजपा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में भाजपा जमशेदपुर महानगर इकाई के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। * “अपराधियों में नहीं रहा कानून का डर” भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

चोरी, लूट, छिनतई, महिलाओं के खिलाफ अपराध और अपहरण की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। * SSP कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन एसएसपी कार्यालय के समक्ष आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन को कानून-व्यवस्था शीघ्र चुस्त-दुरुस्त करने की सख्त चेतावनी दी। नेताओं ने कहा कि यदि जल्द ही अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया, तो भाजपा आंदोलन को और तेज करेगी। * जनता की सुरक्षा सर्वोपरि भाजपा नेताओं ने स्पष्ट कहा कि जमशेदपुर की जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी होगी और पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करना होगा। * शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन पूरे प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। आक्रोश-प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, हालांकि कार्यकर्ताओं में प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि हालात में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
