महुदा में अवैध खनन का कहर, कई घर धंसे; ग्रामीणों में भारी आक्रोश ” धनबाद जिले के महुदा क्षेत्र में कथित अवैध खनन का गंभीर असर सामने आया है। भाटडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत मुरलीडीह पावर हाउस संख्या–18 के समीप अवैध खनन के कारण कई ग्रामीणों के घर धंस गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। घटना के बाद कई परिवार अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं और खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हैं। कई मकानों में गहरी दरारें पड़ गई हैं, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। घर धंसने से प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध माइंस का संचालन हो रहा है। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को कई बार शिकायत दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन और बीसीसीएल के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से ही अवैध खनन का धंधा लगातार जारी है। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच, अवैध खनन पर तत्काल रोक, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जोरदार आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल इस पूरे मामले पर प्रशासन एवं बीसीसीएल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

