बोकारो जिले में लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैटरी चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। शहरी और ग्रामीण इलाकों में खड़ी चार व छह चक्का गाड़ियों एवं टोटो से बैटरी चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एसपी के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैटरी चोरी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड धीरज कुमार वर्मा सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे टोटो में लगी महंगी बैटरियों की चोरी कर उन्हें बाजार में बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 46 चोरी की बैटरियां,

एक टोटो, एक पल्सर बाइक, मोबाइल फोन और चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं। इस गिरोह के पकड़े जाने से बालीडीह, सेक्टर-12, बीएस सिटी और पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के कुल 7 मामलों का उद्भेदन हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के भंडाफोड़ से जिले में हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं पर अब प्रभावी लगाम लगने की उम्मीद है। पुलिस आगे की कार्रवाई में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी कर रही है।

