उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर एवं अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला प्रशासन ने 8 लेन रोड स्थित बिनोद बिहारी महतो चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के बाद चौक को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा दिया गया।अभियान के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी श्री नारायण राम एवं धनबाद अंचल अधिकारी श्री रामप्रवेश कुमार की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानों, अस्थायी एवं पक्के निर्माण को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में लंबे समय से बनी अव्यवस्था समाप्त हुई। कार्रवाई के क्रम में यह भी सामने आया कि अवैध कब्जाधारियों द्वारा सरकारी जमीन पर बिजली कनेक्शन लिया गया था, जिसकी जांच की जाएगी। मौके से लगभग 50 बोरी सीमेंट, स्टोन चिप्स सहित अन्य निर्माण सामग्री भी जब्त की गई। उपायुक्त श्री

आदित्य रंजन ने बताया कि बिनोद बिहारी महतो चौक पर अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कई बार पूर्व सूचना एवं नोटिस दिए जाने के बावजूद कब्जाधारियों ने स्थान खाली नहीं किया, जिसके बाद प्रशासन को सख्त कदम उठाना पड़ा। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराएं, विशेष रूप से उन स्थानों पर जहां अतिक्रमण के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है। ट्रैफिक जाम से स्कूली वाहन, एम्बुलेंस और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

