
रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी राकेश रंजन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने धुर्वा थाना क्षेत्र से पिछले 13 दिनों से लापता दो भाई-बहन अंश और अंशिका को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों बच्चों को रामगढ़ जिले के चितरपुर से सुरक्षित बरामद किया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। बरामदगी के बाद दोनों बच्चों को रांची लाया गया, जहां वे रांची एसएसपी आवास पहुंचे। बच्चों के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और रांची पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विशेष टीम को यह सफलता मिली।

