जिले के धनुषपूजा स्थित जिला झामुमो कार्यालय में झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में व महेशपुर विधायक प्रो० स्टीफन मरांडी की उपस्थिति में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती मनाई गई।सर्वप्रथम महेशपुर विधायक प्रो० स्टीफन मरांडी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तत्पश्चात झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। महेशपुर विधायक स्टीफन मरांडी ने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक राजनेता नही थे, वे एक युग थे। संथाल परगना की धरती से उठी उनकी आवाज ने आदिवासी मूलवासी, दलितों पिछड़ो और वंचितों को पहली बार यह अहसास कराया कि सत्ता केवल शहरों और कुलीन वर्गों की बपौती नही है। जल, जंगल और जमीन के अधिकार को लेकर शिबू सोरेन ने जिस संघर्ष की शुरुआत की, वही आगे चलकर अलग झारखंड राज्य की नींव बनी।उनका आंदोलन संसदीय राजनिति से पहले का था। वह सड़क, जंगल और खेतों की राजनीति थी।

शिबू सोरेन ने न तो आंदोलन को सिर्फ नारों तक सीमित रखा, न ही सत्ता को अंतिम लक्ष्य बनाया। उनके लिए सत्ता साधन थी, साध्य थी। आज हमें गुरुजी के सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि दिशोम गुरु की उपाधि शिबू सोरेन को किसी विश्वविद्यालय या संस्था ने नही दी। यह उन्हें राज्य की जनता ने उनके अनुभवों, संघर्षों और भरोसे के आधार पर दी। जब शिबू सोरेन जी बोलते थे, तो भाषा भले ही सरल होती थी पर उनका संदेश काफी गहरा होता था। उनकी राजनीति में भाषणों की चमक नही, जमीन की सोंधी खुशबू थी। आज जब उनकी जयंती बिना उनकी उपस्थिति के मनाई जा रही है, तब यह उपाधि और भी भारी लगती है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बिना यह झारखंड अधूरा प्रतीत होता है। झामुमो जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कहा कि परम आदरणीय शिबू सोरेन के बिना उनकी जयंती मनाना केवल अतीत को याद करना नही होना चाहिए, बल्कि वर्तमान का आत्ममंथन होना चाहिए।जिला सचिव माईकिल मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे व सांसद प्रतिनिधि सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के संघर्षों को याद किया।कार्यक्रम के पश्चात सदर अस्पताल में ईलाजरत सैकड़ो मरीजों के बीच महेशपुर विधायक प्रो० स्टीफन मरांडी व जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने फल व कंबल का वितरण किया एवं रक्तअधिकोष में झामुमो के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के जन्म जयंती को यादगार बनाने में अपना योगदान दिया।

