
मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शुक्रवार तड़के हुए सड़क हादसे में विधायक और मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, प्रेरणा बच्चन तीन अन्य लोगों के साथ कार से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान तेजाजी नगर बाईपास पर रालामंडल इलाके के पास उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

