हिमाचल प्रदेश में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। सिरमौर जिले के हरिपुरधार इलाके में शिमला से कुपवी जा रही एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, बस में हादसे के समय करीब 30 से 35 यात्री सवार थे, हालांकि यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है और आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
