हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश सरकार राज्य के उन पात्र गरीब परिवारों को पक्के मकान की सुविधा उपलब्ध कराएगी, जो अभी भी कच्चे मकानों में रह रहे हैं। शुक्रवार को पंचायती राज विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवास हर नागरिक का सामाजिक अधिकार है और सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने

बताया कि पंचायती राज विभाग को सुदृढ़ करने के लिए रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा और पंचायतों में कनिष्ठ अभियंताओं के पद भी भरे जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सामाजिक अधिकारिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार का लक्ष्य गरीब परिवारों को केवल मकान ही नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन स्तर और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

