नई दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दफ्तर के बाहर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी TMC के सांसदों ने ED रेड के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने सांसदों को हिरासत में लिया। प्रदर्शन में डेरेक ओ ब्रायन, महुआ मोइत्रा, शताब्दी रॉय, बापी हलदर, साकेत गोखले, प्रतिमा मंडल, कीर्ति आजाद और डॉ. शर्मिला सरकार शामिल थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और सांसदों के बीच नोकझोंक भी हुई, जिसमें कुछ सांसद जमीन पर गिर गए और उन्हें जबरन उठाकर गाड़ी में बैठाया गया।

ED और TMC के बीच यह टकराव अब कलकत्ता हाईकोर्ट तक पहुंच गया है। ED ने ममता बनर्जी पर सबूत चोरी का आरोप लगाया है, जबकि TMC का दावा है कि ED अमित शाह के इशारे पर पार्टी का डेटा चुरा रही है। दोनों पक्षों की याचिकाओं पर जल्द सुनवाई होगी।

