पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में सागरद्वीप स्थित गंगासागर मेला परिसर से बड़ी खबर सामने आई है। शुक्रवार सुबह स्नान घाट संख्या दो के पास अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में कई अस्थायी आश्रय स्थल और झोपड़ियां आ गईं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दमकल विभाग के अनुसार, आग सबसे पहले एक अस्थायी झोपड़ी में लगी और पास-पास बनी ‘होगला’ यानी पुआल से बनी झोपड़ियों में तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अधिकारियों ने राहत की बात बताते हुए

कहा कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। यह घटना मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मेले के उद्घाटन के एक दिन बाद हुई है।

