कैमूर जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत सिरबिटि पंचायत में शुक्रवार को पंचायत भवन पर आयोजित आम सभा में स्वच्छता पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी गई। दंडाधिकारी के रूप में सांख्यिकी पदाधिकारी, पंचायत मुखिया रामानंद पासवान और पंचायत सचिव की उपस्थिति में यह प्रक्रिया पूरी की गई। आम सभा में स्वच्छता पर्यवेक्षक के पद के लिए तीन लोगों ने आवेदन किया था। सरकारी मानकों के अनुरूप चयन प्रक्रिया के बाद प्रवीण कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। मुखिया रामानंद पासवान ने बताया कि नियुक्ति पूरी तरह से राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए की गई है। उन्होंने कहा, सभी आवेदनों की जांच सांख्यिकी

पदाधिकारी की देखरेख में हुई और केवल योग्य उम्मीदवार को ही चुना गया। हालांकि, कुछ असफल आवेदकों ने नियुक्ति पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया। इस पर दंडाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चयन पारदर्शी तरीके से हुआ है और किसी भी शिकायत पर उच्च अधिकारियों को सूचित किया जा सकता है। पंचायत सचिव ने भी पुष्टि की कि प्रक्रिया में कोई अनियमितता नहीं बरती गई।

