झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार गिरते तापमान को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी श्रेणियों के स्कूलों को 10 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश जारी किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार केजी से लेकर कक्षा 12वीं तक की सभी कक्षाएं बंद रहेंगी।

यह आदेश सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर-सहायता प्राप्त, अल्पसंख्यक और सभी निजी स्कूलों पर समान रूप से लागू होगा। गौरतलब है कि इससे पहले स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया था, जिसे अब ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए बढ़ाकर 10 जनवरी कर दिया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों को ठंड से बचाने और सावधानी बरतने की अपील की है।

