मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में गुरुवार शाम करीब 8:30 बजे कुर्ला और विद्याविहार स्टेशन के बीच आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना उस समय हुई जब ट्रेन खाली थी, जिससे किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। कचरा ले जा रही लोकल ट्रेन के दूसरे कोच में लगी आग के कारण मध्य रेलवे की सेवाएं प्रभावित हुईं और कई ट्रेनें रोकनी पड़ीं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद ली गई। सुरक्षा के मद्देनज़र घाटकोपर-सायन स्टेशन के बीच ओवरहेड वायर में करंट पूरी तरह बंद कर दिया गया।

रात करीब 9 बजे तक आग पर काबू पाया गया, लेकिन इसके चलते कई लोकल ट्रेनें अब भी देरी से चल रही हैं। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। विद्याविहार से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली स्लो लोकल ट्रैफिक भी कुछ समय के लिए रोक दी गई थी।

